Bokaro News : जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की समीक्षा को लेकर मंगलवार को पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने सभी पुलिस पदाधिकारियों के साथ क्राइम मीटिंग की। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए एसपी ने कहा कि अपराधियों ने चोरी का तरीका बदल दिया है, इसलिए पुलिस भी जांच और कार्रवाई की रणनीति में बदलाव करेगी।
श्रावणी मेला और रथ यात्रा के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था
एसपी ने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर सभी पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। कांवड़ यात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और यात्रा के दौरान बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को मंदिर प्रबंधन समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर मंदिरों के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगवाने का निर्देश दिया है, ताकि चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
अपराध में कमी का दावा, जेल से छूटने वाले अपराधियों पर भी नजर
एसपी नाथू सिंह मीणा ने बताया कि 16 जुलाई से शुरू होने वाली जगन्नाथ रथ यात्रा के लिए भी पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष जून महीने में गृहभेदन (घर में चोरी) की 20 घटनाएं हुई थीं, जबकि इस वर्ष जून में यह संख्या घटकर 13 रह गई है। इसी तरह बाइक चोरी के मामलों में भी पिछले वर्ष 29 घटनाओं की तुलना में इस वर्ष 18 मामले दर्ज हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि जिले में अपराध के ग्राफ में लगातार कमी आ रही है।
एसपी ने बताया कि जेल से रिहा होने वाले अपराधियों पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी, ताकि उनके दोबारा अपराध में शामिल होने की स्थिति में समय रहते कार्रवाई की जा सके। साथ ही सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों के साथ नियमित बैठक करने का भी निर्देश दिया गया है।