JMM MP Vijay Hansda: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के राजमहल लोकसभा क्षेत्र से सांसद विजय हांसदा बुधवार को सुप्रिया मुर्मू के साथ विवाह बंधन में बंध गए. राजधानी रांची में आयोजित विवाह समारोह में राज्य के कई मंत्री, विधायक, सांसद समेत राजनीतिक और प्रशासनिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं. सभी ने नवदंपति को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं.
पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुई विवाह की शुरुआत
शादी से एक दिन पहले मंगलवार को रांची के होटल बीएनआर चाणक्य में हल्दी और मड़वा की रस्में पारंपरिक तरीके से निभाई गईं. इस अवसर पर सांसद विजय हांसदा की माता शांति सरोजिनी मुर्मू, परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और करीबी मित्र मौजूद रहे.
सेंट पॉल्स कैथेड्रल चर्च में हुई शादी
बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे रांची के बहू बाजार स्थित सेंट पॉल्स कैथेड्रल चर्च में मसीही परंपरा के अनुसार विवाह संपन्न हुआ. शादी के बाद शाम 7 बजे होटल बीएनआर चाणक्य में स्वागत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें वीआईपी मेहमानों के साथ बड़ी संख्या में समर्थकों और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है.
इंजीनियर हैं सुप्रिया मुर्मू
विजय हांसदा की पत्नी सुप्रिया मुर्मू इंजीनियरिंग स्नातक हैं. उनका पैतृक गांव पाकुड़ जिले के पाकुड़िया प्रखंड का कछुआ गांव है. उनकी प्रारंभिक शिक्षा और परवरिश हजारीबाग में हुई. उनके पिता भवेश मुर्मू सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी हैं.