Jagannathpur Temple Ranchi: जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति के बैंक खाते पर फिलहाल रोक लगा दी गई है. केनरा बैंक ने PAN से जुड़े विवाद की जांच के बाद खाते को फ्रीज करते हुए न्यास समिति से उसका स्वयं का वैध PAN उपलब्ध कराने को कहा है.
यह पूरा मामला मंदिर पुनर्निर्माण समिति के PAN के इस्तेमाल से जुड़ा है. इस संबंध में झारखंड हाईकोर्ट के अधिवक्ता हर्ष कुमार ने रांची के उपायुक्त, केनरा बैंक, केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) और वित्त मंत्रालय को शिकायत भेजी थी.
शिकायत में कहा गया था कि जगन्नाथपुर मंदिर पुनर्निर्माण समिति का गठन केवल मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य के लिए किया गया था. निर्माण कार्य पूरा होने के बाद समिति स्वतः समाप्त हो गई थी. इसके बावजूद उसी समिति के PAN का उपयोग जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति की ओर से किए जाने का आरोप लगाया गया.
अधिवक्ता का कहना था कि अलग-अलग संस्थाओं के लिए जारी PAN का इस तरह उपयोग करना नियमों के अनुरूप नहीं है. इसी शिकायत के आधार पर मामले की जांच की गई.
जांच पूरी होने के बाद केनरा बैंक ने एहतियाती कदम उठाते हुए मंदिर न्यास समिति का बैंक खाता फ्रीज कर दिया. बैंक ने स्पष्ट किया है कि न्यास समिति अपना अलग और वैध PAN प्रस्तुत करे. इसके बाद ही खाते के संचालन को लेकर आगे का निर्णय लिया जाएगा.