Gamharia: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड कार्यालय परिसर में बुधवार को पारिवारिक विवाद को लेकर जमकर हंगामा हुआ। पति-पत्नी के बीच हुए विवाद और मारपीट की घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। काफी देर तक ब्लॉक परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
दूसरी महिला के साथ मौजूद होने की सूचना पर पहुंची पत्नी
जानकारी के अनुसार, अमित सेन और उनकी पत्नी पीहू सेन के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। पीहू सेन को अपने पति पर किसी दूसरी महिला के साथ संबंध होने का शक था। बुधवार को उन्हें सूचना मिली कि उनके पति गम्हरिया ब्लॉक परिसर में उक्त महिला के साथ मौजूद हैं। सूचना मिलने के बाद पीहू सेन तुरंत ब्लॉक परिसर पहुंचीं, जहां उन्होंने अपने पति को दूसरी महिला के साथ देखा। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।
ब्लॉक परिसर बना विवाद का मैदान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट और तीखी बहस शुरू हो गई। हंगामा बढ़ने पर ब्लॉक परिसर में मौजूद कर्मचारी और अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया। ब्लॉक कर्मचारियों ने दोनों पक्षों को समझाते हुए परिसर में शांति बनाए रखने और बाहर जाने को कहा। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर जमा हो गए।
पत्नी ने पहले भी शिकायत करने का लगाया आरोप
पीहू सेन ने आरोप लगाया कि उनके पति के व्यवहार को लेकर वह पहले भी शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि पति के कथित संबंधों को लेकर वह लंबे समय से परेशान हैं। फिलहाल, इस मामले में किसी पक्ष की ओर से नई लिखित शिकायत की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई कर सकती है।