Hormuz Strait Iranian Attack: ओमान तट के पास होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे साइप्रस के ध्वज वाले वाणिज्यिक जहाज जीएफएक्स गैलेक्सी पर हुए कथित ईरानी हमले में महाराष्ट्र के पुणे निवासी मरीन इंजीनियर हेरंब करमरकर की मौत की पुष्टि हुई है। हादसे से पहले उन्होंने परिवार को अंतिम संदेश भेजकर बताया था कि जहाज सुरक्षित रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर चुका है। इसके बाद उनका संपर्क टूट गया और बाद में परिवार को उनके निधन की सूचना मिली।
10 भारतीय सुरक्षित, परिवार ने सरकार से लगाई गुहार
जानकारी के अनुसार, जहाज पर कई भारतीय नागरिक सवार थे। विदेश मंत्रालय ने बताया कि 10 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना थी। बुधवार को हेरंब करमरकर के परिवार ने उनके निधन की पुष्टि की। उनके ससुर ने केंद्र सरकार से अपील की है कि पार्थिव शरीर को जल्द और सुरक्षित भारत लाया जाए, ताकि परिवार की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया जा सके।
भारतीय दूतावास ने मदद का दिया भरोसा
ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि वह ओमान के अधिकारियों, जहाज प्रबंधन और अन्य संबंधित पक्षों के लगातार संपर्क में है। दूतावास ने प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
पहले भी हो चुके हैं हमले, भारत जता चुका है कड़ा विरोध
होर्मुज जलडमरूमध्य के पास इससे पहले भी दो वाणिज्यिक जहाजों पर हुए हमलों में एक भारतीय नागरिक की मौत हो चुकी है। उस घटना के बाद भारत ने ईरान के उप राजदूत को तलब कर कड़ा विरोध दर्ज कराया था और अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर वाणिज्यिक जहाजों पर हो रहे हमलों को लेकर गहरी चिंता भी व्यक्त की थी।