Seraikela: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के वरिष्ठ नेता एवं प्रोफेसर कालीपद सोरेन ने बुधवार को सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी से उनके कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने एसपी का गुलदस्ता और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।
रथ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था पर हुई चर्चा
मुलाकात के दौरान प्रो. सोरेन ने आगामी रथ यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि रथ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ यातायात को सुचारु रखना भी महत्वपूर्ण होगा। प्रो. सोरेन ने जिले में हो रही सड़क दुर्घटनाओं, विशेषकर राजनगर क्षेत्र में बढ़ते हादसों का भी उल्लेख किया। उन्होंने सुझाव दिया कि सड़क सुरक्षा को लेकर नियमित वाहन जांच, यातायात नियमों के पालन और जागरूकता अभियान जैसे उपायों पर विशेष ध्यान दिया जाए।
एसपी ने बेहतर पुलिसिंग का दिया भरोसा
उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण और सामाजिक सुरक्षा के लिए पुलिस एवं आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। एक जागरूक नागरिक के रूप में उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन को सहयोग देने की बात भी कही। पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने प्रो. कालीपद सोरेन द्वारा उठाए गए मुद्दों पर चर्चा करते हुए कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और बेहतर पुलिसिंग प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस आम लोगों के सहयोग से शांति और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।