Jharkhand Weather Update: झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 16 और 17 जुलाई को राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने कई जिलों में तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है।
पश्चिमी और मध्य झारखंड में तेज आंधी-वज्रपात का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक आज पश्चिमी और मध्य झारखंड के कई इलाकों में मौसम का सबसे अधिक असर देखने को मिलेगा। यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। घने बादल, मेघगर्जन और वज्रपात की भी प्रबल संभावना है। वहीं दक्षिणी और आसपास के क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
रामगढ़, बोकारो और धनबाद में भारी बारिश की चेतावनी
आज 16 जुलाई को रामगढ़, बोकारो और धनबाद के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। इन जिलों में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं और कई स्थानों पर रुक-रुक कर बारिश भी हो रही है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है।
पूरे राज्य में बारिश के आसार, गर्मी से मिलेगी राहत
मौसम विभाग के अनुसार आज पूरे झारखंड में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। दिनभर आसमान में बादल छाए रहने से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।