Latehar News: लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची–मेदिनीनगर मुख्य मार्ग (एनएच-75) पर शिव टोली के पास गुरुवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। डालटनगंज से रांची जा रहा एक अनियंत्रित 407 ट्रक अचानक दूसरी लेन में घुस गया और सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बाइक सवार दोनों युवक ट्रक के नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हाइड्रा से निकाले गए शव, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। सूचना मिलते ही चंदवा थाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और राहत दल पहुंचे। हाइड्रा मशीन की मदद से दोनों युवकों को ट्रक के नीचे से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चंदवा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एक मृतक की पहचान, दूसरे की शिनाख्त जारी
पुलिस के अनुसार, मृतकों में से एक की पहचान आधार कार्ड के आधार पर टिकू भुइयां (पिता–नरेश भुइयां), निवासी महावीर नगर, बुकबुका, खलारी (रांची) के रूप में हुई है। वहीं दूसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास में जुटी हुई है।
राहत कार्य में देरी का आरोप, हादसे की जांच शुरू
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य में देरी का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि हाइड्रा मशीन और राहत दल समय पर पहुंचते तो शायद दोनों युवकों की जान बचाई जा सकती थी। हालांकि, प्रशासन ने इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के कारण कुछ समय तक एनएच-75 पर यातायात भी प्रभावित रहा।