Dhanbad News : जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों को बेहतर और समय पर इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK), राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड और अमृता हॉस्पिटल, कोच्चि के संयुक्त तत्वावधान में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. इस अभियान के तहत धनबाद जिले से चिन्हित 20 बच्चों को 18 जुलाई को बोकारो भेजा जाएगा, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उनकी विस्तृत जांच करेगी.
जांच के बाद जरूरतमंद बच्चों की होगी निशुल्क हृदय सर्जरी
उपायुक्त ने बताया कि विशेष स्वास्थ्य शिविर 17 जुलाई को एम्स देवघर, 18 जुलाई को न्यायिक भवन, बोकारो और 19 जुलाई को डीईआईसी भवन, पश्चिमी सिंहभूम में आयोजित किए जाएंगे. धनबाद के चिन्हित बच्चों के लिए 18 जुलाई को बोकारो में जांच की व्यवस्था की गई है.
जिला प्रशासन ने बच्चों के आवागमन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली हैं. जांच के बाद जिन बच्चों को आवश्यकता होगी, उनका निशुल्क उपचार और हृदय सर्जरी भी कराई जाएगी.
उपायुक्त ने बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत पहले से चिन्हित अथवा जन्मजात हृदय रोग से संभावित सभी बच्चे इस शिविर का लाभ उठा सकते हैं. उपायुक्त ने जिले के अभिभावकों से अपील की है कि यदि उनके बच्चों में जन्मजात हृदय रोग के लक्षण हैं या वे पहले से चिन्हित हैं, तो निर्धारित तिथि और स्थान पर पहुंचकर इस निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ अवश्य उठाएं. उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उपचार से बच्चों को स्वस्थ जीवन देने में मदद मिलेगी.