Jamshedpur: मानगो और उलीडीह थाना क्षेत्र में एक ही रात हुई सिलसिलेवार चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार और चोरी का सामान भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने मानगो और उलीडीह क्षेत्र की 12 दुकानों में चोरी करने की बात स्वीकार की है।
11-12 जुलाई की रात कई दुकानों को बनाया था निशाना
जानकारी के मुताबिक, 11 और 12 जुलाई की मध्यरात्रि चोरों ने मानगो और उलीडीह क्षेत्र की कई दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाशों ने जगदंबा होटल के पास स्थित गुप्ता इलेक्ट्रिक, आटा चक्की, फल दुकान, सुमन स्टोर समेत कई दुकानों को निशाना बनाया था। इसके अलावा मानगो थाना क्षेत्र के वैभव लक्ष्मी मेडिकल, शिव स्टोर और गीतांजलि स्टोर सहित अन्य दुकानों में भी चोरी की गई थी। घटना के बाद दुकानदारों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
विशेष टीम ने कार्रवाई कर चार आरोपियों को दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में और डीएसपी पटमदा दयानंद कुमार की निगरानी में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने लगातार कार्रवाई करते हुए उलीडीह थाना क्षेत्र के रहने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शंकर हेम्ब्रम, मुकदर सामद, गौतम हेम्ब्रम उर्फ डाडू और विक्की मुखी के रूप में हुई है।
लोहे का चापड़, रॉड समेत चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से चोरी में इस्तेमाल किए गए लोहे का चापड़, लोहे का रॉड (साबल), चैन पुली और एक सिलाई मशीन बरामद की गई है। जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी शंकर हेम्ब्रम के खिलाफ पहले से चोरी के दो मामले दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है और चोरी के बाकी सामानों की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।