Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-16

Bokaro News: बोकारो पुलिस की बड़ी कार्रवाई, “प्रतिबिंब” ऐप की मदद से अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश, 9 अपराधी गिरफ्तार

Bokaro News: बोकारो में साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बोकारो पुलिस ने एक अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है। प्रतिबिंब ऐप से मिली सूचना के आधार पर सेक्टर-12 और माराफारी थाना क्षेत्र में देर रात छापेमारी कर 9 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, बैंक दस्तावेज, डेबिट कार्ड और नकदी बरामद हुई है।

प्रतिबिंब ऐप की सूचना पर हुई संयुक्त छापेमारी
बोकारो एसपी नाथू सिंह मीना के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय के नेतृत्व में साइबर थाना, तकनीकी शाखा और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने सेक्टर-12 के बारी को-ऑपरेटिव और माराफारी थाना क्षेत्र के रितुडीह राजेंद्र नगर में छापेमारी की। इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या 24/2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

बैंक अधिकारी और ट्रैवल एजेंट बनकर करते थे ठगी
पूछताछ में आरोपियों ने साइबर अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य खुद को बैंक अधिकारी या आर.एम. टूर एंड ट्रेवल्स का एजेंट बताकर लोगों को झांसे में लेते थे और ऑनलाइन ठगी को अंजाम देते थे। पुलिस को कुछ बैंक खातों में लाखों रुपये के लेन-देन की जानकारी मिली है, जिन्हें फिलहाल होल्ड कर जांच की जा रही है।

मोबाइल, सिम, बैंक दस्तावेज और नकदी बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 10 मोबाइल फोन, 9 सिम कार्ड, 18 बैंक पासबुक, 3 चेकबुक, 10 डेबिट कार्ड, 2 आधार कार्ड, 1 पैन कार्ड और 43,100 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में अधिकांश बिहार के पटना, नवादा और जमुई जिले के निवासी हैं, जबकि एक आरोपी बोकारो के सेक्टर-3 का रहने वाला है।

अन्य राज्यों में नेटवर्क की भी होगी जांच
पुलिस अब इस अंतरराज्यीय साइबर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गिरोह ने झारखंड के अलावा अन्य राज्यों में भी साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। बोकारो पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !