Ranchi: राजधानी रांची में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह ने एक सेवानिवृत्त स्टाफ नर्स को अपना शिकार बना लिया। जगरनाथपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली 63 वर्षीय शिरमती कुमारी के बैंक खाते से ठगों ने कुल 1.56 लाख रुपये निकाल लिए। मामले की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता ने पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
एटीएम में मदद के बहाने की ठगी
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह बिरसा चौक स्थित केनरा बैंक के एटीएम में पैसे निकालने गई थीं। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ अज्ञात लोगों ने बातचीत के बहाने उन्हें उलझा लिया। इसी बीच आरोपियों ने चालाकी से उनका असली डेबिट कार्ड बदल दिया और उसकी जगह दूसरा कार्ड उनके हाथ में थमा दिया। आशंका है कि इसी दौरान ठगों ने उनका एटीएम पिन भी देख लिया।
ऑनलाइन ट्रांसफर और कई बार में निकाली नकदी
कार्ड बदलने के बाद आरोपियों ने सबसे पहले मो. असलम नाम के व्यक्ति के खाते में 76 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए। इसके बाद हटिया रोड और हिनू स्थित विभिन्न एटीएम से कई बार में 80 हजार रुपये नकद निकाल लिए। इस तरह कुल 1 लाख 56 हजार रुपये की ठगी को अंजाम दिया गया।
बैंक और साइबर पोर्टल पर तुरंत की शिकायत
मोबाइल पर लेन-देन की जानकारी मिलने के बाद महिला ने तुरंत बैंक से संपर्क कर अपना खाता और डेबिट कार्ड ब्लॉक कराया। इसके साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई, ताकि राशि की रिकवरी और आरोपियों की पहचान की जा सके।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह वरिष्ठ नागरिक और विधवा हैं। उन्होंने एटीएम परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान करने, ठगी गई राशि वापस दिलाने और पूरे गिरोह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और एटीएम के सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है।