Giridih Fraud Case: जमीन और मकान की खरीद-बिक्री के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित ठगी के मामले में गिरिडीह के पचंबा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अनूप कुमार राय को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. आरोपी को गुरुवार देर शाम जमुआ थाना क्षेत्र के टीकामघा से उसकी कार के साथ दबोचा गया. पुलिस का कहना है कि उसके खिलाफ झारखंड समेत कई राज्यों में धोखाधड़ी के 40 से अधिक मामले दर्ज हैं.
2.25 करोड़ की डील, 1.69 करोड़ का भुगतान
मामला कृष्णानगर निवासी राजीव रंजन की शिकायत पर दर्ज हुआ है. शिकायत के मुताबिक, उन्होंने अपने तीन सहयोगियों के साथ मकतपुर बरगंडा स्थित श्यामकुंज के पास जमीन और मकान खरीदने का सौदा किया था. 19 जून 2022 को 2.25 करोड़ रुपये में एग्रीमेंट हुआ. शुरुआत में 51 लाख रुपये एडवांस दिए गए, जबकि बाद में अलग-अलग किस्तों में कुल 1 करोड़ 69 लाख 67 हजार 1 रुपये आरोपी को भुगतान किए गए.
जन्म से पहले की वसीयत का सहारा लेने का आरोप
शिकायत में कहा गया है कि अनूप कुमार राय ने संपत्ति पर अपना अधिकार साबित करने के लिए 10 दिसंबर 1976 की रजिस्टर्ड वसीयत पेश की. हालांकि दस्तावेजों की जांच के दौरान उसकी जन्मतिथि 22 जुलाई 1978 सामने आई. आरोप है कि जन्म से पहले की वसीयत का हवाला देकर उसने संपत्ति का दावा किया और करोड़ों रुपये की ठगी कर ली.
पहले भी हो चुका था संपत्ति का एग्रीमेंट
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि जिस जमीन और मकान का सौदा किया गया, उसका एग्रीमेंट पहले ही रामदेव सिंह के साथ हो चुका था. इस संपत्ति को लेकर विवाद नगर थाना और एसडीएम कोर्ट में पहले से लंबित है. पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करने के बाद आरोपी से पूछताछ की गई और शुक्रवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. मामले की जांच अभी जारी है.