Jamshedpur: कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एमजीएम में बुधवार की सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। पुराने भवन के मेडिसिन विभाग की बी ब्लॉक बिल्डिंग की छत अचानक गिर पड़ी। घटना सुबह लगभग 9 बजे की है, जब छत भरभराकर नीचे आ गिरी। राहत की बात यह रही कि उस वक्त बिल्डिंग पूरी तरह खाली थी, जिससे किसी प्रकार की जानमाल की क्षति नहीं हुई।
धमाके जैसी तेज आवाज और धुएं के गुब्बार के कारण पास के ब्लड बैंक में कार्यरत कर्मचारी डर के मारे बाहर निकल आए। उन्होंने बताया कि वे अपने नियमित कार्य में लगे थे, तभी अचानक तेज आवाज सुनाई दी और चारों ओर धूल का गुबार छा गया।
घटना की जानकारी तत्काल अस्पताल के अधीक्षक डॉ. आरके मांधन और उपाधीक्षक डॉ. नकुल चौधरी को दी गई। दोनों अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
गौरतलब है कि कुछ सप्ताह पहले भी इसी पुराने भवन के तीसरे तल्ले की छत गिरने से चार लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद प्रशासन ने इस जर्जर बिल्डिंग को खाली कराने का फैसला लिया था। वर्तमान में मेडिसिन विभाग को नई बिल्डिंग में स्थानांतरित किया जा रहा है, और पुराने भवन को पूरी तरह खाली कराने की प्रक्रिया चल रही है।
इस घटना ने अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं। कर्मचारियों और मरीजों की सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाए जाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।