East Singhbhum Teacher Posting: पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में नव नियुक्त सहायक आचार्यों के लिए उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन और उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने शिक्षकों को पदस्थापन पत्र सौंपे और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं.
"शिक्षक सिर्फ पढ़ाते नहीं, भविष्य गढ़ते हैं"
उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि कठिन परिश्रम के बाद मिली इस जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाना होगा. उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान देने का कार्य नहीं करते, बल्कि समाज और देश के भविष्य को दिशा भी देते हैं. ऐसे में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देना जरूरी है.
हर परिस्थिति में पूरी निष्ठा से करें काम
उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने कहा कि नव नियुक्त शिक्षकों की पेशेवर यात्रा अब शुरू हो रही है. उन्होंने सभी से आग्रह किया कि चाहे पदस्थापना शहरी क्षेत्र में हो या ग्रामीण इलाके में, सभी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करें. उन्होंने कहा कि प्रशासन हर स्तर पर शिक्षकों के सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है.
विभागीय कार्यप्रणाली की दी गई जानकारी
कार्यक्रम में सहायक आचार्यों को विद्यालय संचालन, विभागीय प्रक्रियाओं, शैक्षणिक जिम्मेदारियों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई. कार्यक्रम के अंत में राज्य सरकार के निर्देशानुसार उपायुक्त ने सभी शिक्षकों को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जिम्मेदारी के साथ सेवा करने की शपथ दिलाई. इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक समेत शिक्षा विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.