Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-17

Jharkhand Rain Alert: झारखंड में मानसून का यू-टर्न, 40% सूखे की मार झेल रहे राज्य में लो-प्रेशर एक्टिव, 23 जुलाई तक भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

Jharkhand Rain Alert: झारखंड में मानसून की शुरुआती चाल किसानों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी. एक जून से 17 जुलाई के बीच राज्य में सामान्य से करीब 40 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई, जिससे खरीफ खेती और धान की रोपाई पर असर पड़ा. हालांकि अब मौसम विभाग ने राहत भरी संभावना जताई है. बंगाल की खाड़ी से सक्रिय हुए लो-प्रेशर सिस्टम के प्रभाव से अगले कुछ दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने का अनुमान है.

सामान्य से काफी कम हुई बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक इस अवधि में झारखंड में औसतन 359.8 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल 216.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई है. सबसे अधिक बारिश की कमी गढ़वा (72%), चतरा (70%), कोडरमा (63%) और पाकुड़ (61%) में दर्ज की गई है. वहीं हजारीबाग, देवघर, गिरिडीह, गोड्डा, साहिबगंज और पलामू में भी सामान्य से 49 से 52 प्रतिशत कम वर्षा हुई है. रांची, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम में करीब 24 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई.

धान की खेती पर पड़ा असर
बारिश की कमी का सबसे ज्यादा असर धान की खेती पर देखने को मिल रहा है. कई जिलों में खेतों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंचने से बुआई और रोपाई का काम प्रभावित हुआ है. किसान अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं.

लो-प्रेशर सिस्टम से बदलेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से बना लो-प्रेशर क्षेत्र अब गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड के आसपास सक्रिय है. इसके कारण वातावरण में नमी बढ़ी है और राज्य में मानसून दोबारा रफ्तार पकड़ने लगा है. हालिया आंकड़ों में लातेहार में सबसे अधिक 100 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि बोकारो थर्मल में अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस और लातेहार में न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

23 जुलाई तक बारिश के आसार
मौसम विभाग ने 17 से 23 जुलाई के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. इस दौरान कई जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. अगले 24 घंटे में तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है.

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
17 और 18 जुलाई को हजारीबाग, रामगढ़, रांची, लोहरदगा, गुमला और खूंटी सहित उत्तर-पश्चिमी, दक्षिणी और मध्य झारखंड के कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. 19 जुलाई को दक्षिण-पश्चिमी और मध्य क्षेत्रों में तथा 20 और 21 जुलाई को उत्तर-पश्चिमी, दक्षिण-पश्चिमी और मध्य झारखंड के कई हिस्सों में फिर से भारी वर्षा की संभावना जताई गई है.



रांची में कैसा रहेगा मौसम
राजधानी रांची में भी अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार 23 जुलाई तक अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !