Vande Mataram Bill: केंद्र सरकार संसद के आगामी मानसून सत्र में राष्ट्रीय गीत "वंदे मातरम्" और राष्ट्रगान "जन-गण-मन" से जुड़े कानून में संशोधन का प्रस्ताव ला सकती है. प्रस्तावित विधेयक में राष्ट्रीय गीत या राष्ट्रगान के गायन में जानबूझकर बाधा डालने, उसे रोकने या कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न करने वालों के खिलाफ तीन साल तक की सजा का प्रावधान करने की तैयारी है.
राज्यसभा में पेश हो सकता है विधेयक
सूत्रों के मुताबिक, इस प्रस्ताव को केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी मिल चुकी है. संभावना है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इसे मानसून सत्र के दौरान राज्यसभा में पेश करें. सरकार का कहना है कि राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान को लेकर कानून को और स्पष्ट एवं प्रभावी बनाने की जरूरत है.
राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण कानून में होगा संशोधन
सरकार ने मानसून सत्र के एजेंडे में राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम (Prevention of Insults to National Honour Act) में संशोधन से जुड़ा विधेयक भी शामिल किया है. प्रस्तावित बदलाव के तहत राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान के सम्मान से संबंधित प्रावधानों को और मजबूत किया जाएगा.
मानसून सत्र में कई अहम विधेयकों पर नजर
सरकार इस सत्र में कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश करने की तैयारी में है. इनमें संप्रभु ऋण (Sovereign Debt) बाजार को मजबूत बनाने, जन्म और मृत्यु पंजीकरण कानून में संशोधन, विदेशी अंशदान (FCRA) से जुड़े बदलाव और राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम में संशोधन जैसे प्रस्ताव शामिल हैं.
इधर, परिसीमन विधेयक को लेकर भी राजनीतिक हलचल तेज है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इस मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की है. माना जा रहा है कि मानसून सत्र के दौरान सरकार पांच नए और दो लंबित विधेयकों पर चर्चा करा सकती है.