Jharkhand Hockey Players: झारखंड ने एक बार फिर भारतीय महिला हॉकी में अपनी दमदार पहचान दर्ज कराई है. नीदरलैंड्स और बेल्जियम में 15 से 30 अगस्त 2026 तक होने वाले एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है. टीम में झारखंड की चार खिलाड़ियों को जगह मिली है, जबकि सिमडेगा की स्टार मिडफील्डर सलीमा टेटे को टीम की कप्तानी सौंपी गई है. यह राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.
झारखंड की चार खिलाड़ियों को मिला मौका
विश्व कप के लिए चुनी गई भारतीय टीम में झारखंड की सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग शामिल हैं. इनमें सलीमा, ब्यूटी और दीपिका सिमडेगा की रहने वाली हैं, जबकि निक्की प्रधान खूंटी जिले से आती हैं. पहली बार महिला हॉकी विश्व कप के लिए भारतीय टीम में झारखंड की चार खिलाड़ियों का चयन हुआ है. साथ ही अकेले सिमडेगा की तीन खिलाड़ियों को भी टीम में जगह मिली है.
नेशंस कप जीतने के बाद अब विश्व कप पर नजर
भारतीय महिला हॉकी टीम हाल के महीनों में शानदार लय में रही है. हाल ही में टीम ने न्यूजीलैंड में आयोजित एफआईएच नेशंस कप का खिताब जीतकर अपना आत्मविश्वास बढ़ाया है. अब इसी प्रदर्शन को विश्व कप में दोहराने का लक्ष्य होगा.
पूल-डी में भारत, इन टीमों से होगा मुकाबला
विश्व कप में भारत को पूल-डी में चीन, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के साथ रखा गया है. भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला 16 अगस्त को चीन के खिलाफ खेलेगी. इसके बाद 18 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका और 20 अगस्त को इंग्लैंड से भिड़ेगी. तीनों लीग मैच नीदरलैंड्स के एम्स्टेलवीन स्थित वैगनर हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे.