Adityapur News: आरआईटी थाना क्षेत्र के एलआईजी रो हाउस नंबर-40 में कैश ऑन डिलीवरी (COD) का पार्सल देने पहुंचे एक डिलीवरी बॉय के साथ कथित मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है. पीड़ित अमित प्रधान ने शुक्रवार को आरआईटी थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है.
भुगतान को लेकर शुरू हुआ विवाद
अमित प्रधान ने शिकायत में बताया कि वह निर्धारित पते पर COD का सामान देने पहुंचा था. डिलीवरी प्रक्रिया के तहत उसने पहले भुगतान करने का अनुरोध किया. इसी बात को लेकर घर के एक सदस्य से कहासुनी हो गई, जो बाद में विवाद में बदल गई.
कॉलर पकड़ने और मोबाइल तोड़ने का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि घर के लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज की, कॉलर पकड़कर धक्का दिया और थप्पड़ भी मारा. उसने जब घटना का वीडियो बनाना शुरू किया तो उसका मोबाइल छीन लिया गया. आरोप है कि मोबाइल तोड़ दिया गया और उसमें रिकॉर्ड किया गया वीडियो भी डिलीट कर दिया गया.
दोनों पक्षों ने दी शिकायत
अमित प्रधान का कहना है कि वह केवल अपनी ड्यूटी निभा रहा था और सामान देने से पहले भुगतान की प्रक्रिया पूरी करना चाहता था. वहीं, संबंधित घर के सदस्य ने भी डिलीवरी बॉय के खिलाफ शिकायत देने की बात कही है.
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.