NIT Jamshedpur Scientists: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जमशेदपुर के यांत्रिक अभियांत्रिकी विभाग के तीन संकाय सदस्यों को SciRank Global Registry 2025 में दुनिया के शीर्ष 5 प्रतिशत वैज्ञानिकों में जगह मिली है. यह उपलब्धि संस्थान की वैश्विक शोध पहचान को मजबूत करने के साथ उच्च गुणवत्ता वाले अनुसंधान के क्षेत्र में उसकी बढ़ती साख को भी दर्शाती है.
शोध कार्य के दम पर मिली वैश्विक पहचान
SciRank Global Registry 2025 में प्रो. सतीश कुमार, डॉ. सैकत रंजन मैती और डॉ. विशेष रंजन कर को शीर्ष 5 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में शामिल किया गया है. यह अंतरराष्ट्रीय मान्यता शोध उत्पादकता, शोध प्रकाशनों की गुणवत्ता, उद्धरण और वैज्ञानिक योगदान जैसे विभिन्न मानकों के आधार पर प्रदान की गई है. तीनों शिक्षकों ने यांत्रिक अभियांत्रिकी के अलग-अलग क्षेत्रों में अनुसंधान और नवाचार के जरिए उल्लेखनीय योगदान दिया है.
विभाग ने उपलब्धि को बताया प्रेरणादायक
यांत्रिक अभियांत्रिकी विभागाध्यक्ष डॉ. परमानंद कुमार ने तीनों संकाय सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उत्कृष्ट शोध और शैक्षणिक गुणवत्ता के प्रति उनकी निरंतर प्रतिबद्धता का प्रमाण है. उन्होंने बताया कि ऐसी उपलब्धियां विभाग में शोध संस्कृति को और मजबूत करती हैं तथा विद्यार्थियों, शोधार्थियों और युवा शिक्षकों को बेहतर वैज्ञानिक कार्य के लिए प्रेरित करती हैं.
निदेशक बोले, संस्थान के लिए अहम उपलब्धि
NIT जमशेदपुर के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने इसे संस्थान और संकाय सदस्यों दोनों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि यह सम्मान वैश्विक शोध जगत में NIT जमशेदपुर की बढ़ती पहचान को दर्शाता है. उनके अनुसार, इस तरह की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियां नवाचार, शैक्षणिक उत्कृष्टता और प्रभावशाली अनुसंधान को बढ़ावा देने की संस्थान की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेंगी तथा भविष्य में तकनीकी और सामाजिक चुनौतियों के समाधान के लिए शोध को नई दिशा देंगी.