Chakradharpur Railway Division: पूर्वी सिंहभूम के पोटका प्रखंड स्थित सिधिरसाई रेलवे स्टेशन को जल्द नया स्वरूप मिलने जा रहा है. शनिवार को स्टेशन के नए भवन निर्माण कार्य का भूमि पूजन सांसद विद्युत वरण महतो और चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया ने संयुक्त रूप से किया. परियोजना के पूरा होने के बाद स्टेशन पर यात्रियों को पहले की तुलना में बेहतर सुविधाएं मिलेंगी.
करीब पांच करोड़ रुपये से बनेगा आधुनिक स्टेशन
भूमि पूजन के दौरान डीआरएम तरुण हुरिया ने बताया कि स्टेशन के पुनर्विकास पर लगभग पांच करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद सितंबर से निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी है. रेलवे ने इस परियोजना को एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य तय किया है.
स्टेशन विस्तार के साथ बढ़ेंगी यात्री सुविधाएं
सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि सिधिरसाई रेलवे स्टेशन का केवल नया भवन ही नहीं बनेगा, बल्कि इसका विस्तार भी किया जाएगा. योजना के तहत यहां पांच रेल लाइनों का विकास होगा. इसके अलावा टिकट बुकिंग काउंटर, यात्रियों के लिए बेहतर बुनियादी सुविधाएं और स्टेशन को मुख्य सड़क से जोड़ने की व्यवस्था भी की जाएगी. उन्होंने कहा कि इस परियोजना से आसपास के 50 से अधिक गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा.
टाटानगर स्टेशन और रेलवे फाटक का भी किया निरीक्षण
कार्यक्रम के बाद सांसद विद्युत वरण महतो और डीआरएम तरुण हुरिया ने टाटानगर रेलवे स्टेशन तथा परसुडीह के मंगदमपुर रेलवे फाटक का निरीक्षण भी किया. इस दौरान रेलवे से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की गई.
निरीक्षण के दौरान सांसद ने कहा कि टाटानगर से वाराणसी के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू कराने को लेकर रेलवे मंत्रालय स्तर पर सकारात्मक पहल चल रही है. उन्होंने उम्मीद जताई कि इस दिशा में जल्द अच्छी खबर मिल सकती है.