Gamharia: सरायकेला खरसावां जिले के गम्हरिया अंतगर्त बोलायडीह थाना क्षेत्र के शीतला मंदिर के पास शनिवार दोपहर करीब 1:00 बजे जगन्नाथ उर्फ काला नामक युवक की हत्या के बाद पुलिस महकमा अलर्ट हो गया है। वारदात की सूचना मिलते ही सरायकेला एसडीपीओ (SDPO) अनुभव भारद्वाज पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए मामले की तफ्तीश शुरू की। इस घटना से जुड़ा एक बेहद दुखद पहलू भी सामने आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक जगन्नाथ का एक छोटा बच्चा है, जिसकी मां का पहले ही निधन हो चुका है। मां के जाने के बाद पिता ही अकेले उस मासूम का पालन-पोषण कर रहे थे, लेकिन अब इस हादसे के बाद बच्ची के सिर से पिता का साया भी उठ गया है।
जल्द पकड़े जाएंगे आरोपी- एसडीपीओ
घटनास्थल का जायजा लेने के बाद एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि हत्या किस हथियार से की गई और इसके पीछे क्या परिस्थितियां थीं, इसकी हर पहलू से विस्तृत जांच की जा रही है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों को भरोसा दिलाया कि पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वारदात के बाद से ही पूरे इलाके में भारी तनाव और सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। हमलावरों की पहचान के लिए घटनास्थल और उसके आस-पास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वहीं, जब मीडिया द्वारा एसडीपीओ से मृतक के किसी संभावित आपराधिक इतिहास के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने इस पर कुछ भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।