Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर कोर्ट परिसर के पास से युवक के अपहरण के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है. विशेष टीम ने अपहृत युवक सुशील डे को सकुशल बरामद कर लिया है. मामले में दो आरोपियों मोनी मोहंती उर्फ चितरंजन मोहंती और कृष्णा यादव उर्फ दबंग को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई एक थार गाड़ी और मोबाइल फोन भी जब्त किया है.
कोर्ट परिसर के पास से हुआ था अपहरण, पुलिस ने तुरंत शुरू की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को सूचना मिली थी कि सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर निवासी सुशील डे का जमशेदपुर कोर्ट परिसर के पास से अपहरण कर लिया गया है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाने के बाद मामला दर्ज कर विशेष जांच टीम का गठन किया गया.
तकनीकी जांच और लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने उसी दिन सुशील डे को सकुशल बरामद कर लिया. इसके साथ ही अपहरण में शामिल दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया.
गिरफ्तार आरोपियों में हिस्ट्रीशीटर भी शामिल
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनारी के आदर्श नगर निवासी कृष्णा यादव उर्फ दबंग (23) और गोलमुरी के सिंधी रिफ्यूजी कॉलोनी निवासी मोनी मोहंती उर्फ चितरंजन मोहंती (32) के रूप में हुई है.
पुलिस के मुताबिक, मोनी मोहंती का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ रंगदारी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, धोखाधड़ी, चोरी और पॉक्सो एक्ट समेत करीब एक दर्जन आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं.
थार और मोबाइल जब्त, फरार आरोपियों की तलाश जारी
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई ग्रे रंग की थार (JH05DA 4721) और एक सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया है. पुलिस का कहना है कि अपहरण की इस वारदात में कुछ अन्य लोग भी शामिल थे. उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पूरे मामले की जांच जारी है.