Jamtara News : सदर अस्पताल में इलाज के अभाव में प्रसूता महिला की मौत के मामले को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। इस मामले में आठ भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद शनिवार को भाजपा ने इंदिरा चौक पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने पुतला दहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ताओं ने पुतले में आग लगा दी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने आग बुझाने और पुतला हटाने की कोशिश की। इस दौरान एक पुलिसकर्मी के झुलसने की सूचना है।
भाजपा ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठाए सवाल
प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष बबीता झा के गिरकर घायल होने का दावा किया गया। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारी और अंचलाधिकारी अभिश्वर मुर्मू मौजूद रहे।
पूर्व कृषि मंत्री सत्यानंद झा बाटुल ने आरोप लगाया कि सदर अस्पताल में लापरवाही के कारण गर्भवती महिला और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत हुई। उन्होंने कहा कि जब तक दोषी डॉक्टरों और कर्मियों पर कार्रवाई नहीं होती, भाजपा का विरोध जारी रहेगा।
फिलहाल यह आरोप भाजपा नेताओं की ओर से लगाए गए हैं। मामले में प्रशासन और पुलिस अपने स्तर पर जांच और कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं।