Bihar News: बिहार के नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र स्थित माधोपुर बिशुनपुर गांव में पारिवारिक विवाद के बाद एक ही परिवार के चार सदस्यों ने आत्मघाती कदम उठा लिया। दिलेंद्र तांती और पुरुषोत्तम तांती ने फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की, जबकि गौरी देवी और रणजीत तांती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इस दर्दनाक घटना में अब तक दिलेंद्र तांती, गौरी देवी और रणजीत तांती की मौत हो चुकी है, जबकि पुरुषोत्तम तांती की हालत गंभीर बनी हुई है।
पारिवारिक विवाद के बाद उठाया आत्मघाती कदम
परिजनों के अनुसार, परिवार में पहले सब कुछ सामान्य था, लेकिन अचानक हुए विवाद के बाद चारों ने यह खौफनाक कदम उठा लिया। उन्होंने बताया कि पिता और पुत्र के बीच पहले भी विवाद और मारपीट की घटनाएं हो चुकी थीं। हालांकि, इस बार विवाद की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है।
तीन की मौत के बाद पुलिस जांच तेज
चंडी थाना पुलिस ने ससुर और पुत्रवधू के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और हर तरफ इस सामूहिक त्रासदी की चर्चा हो रही है।