Adityapur: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बोलायडीह शीतला मंदिर के पास हुए जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा हत्याकांड को लेकर रविवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी और न्याय की मांग को लेकर मृतक के परिजनों और बड़ी संख्या में बस्तीवासियों ने आदित्यपुर थाने का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।
पुलिसिया कार्यशैली पर उठाए सवाल
प्रदर्शन कर रहे परिजनों ने क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक वारदातों को लेकर गहरा रोष प्रकट किया। उन्होंने स्थानीय पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मामले में उचित कदम उठाने की बजाय पुलिस उल्टा पीड़ित परिवार को ही डरा-धमका रही है। परिजनों ने मांग की है कि सभी नामजद हत्यारोपियों पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और मृतक के दो छोटे बच्चों के बेहतर भविष्य व भरण-पोषण के लिए प्रशासन की ओर से उचित मुआवजा दिलाया जाए।
साजिश के तहत घर से बुलाकर मारा
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि आरोपियों ने एक सोची-समझी साजिश के तहत जगन्नाथ को फोन करके घर से बाहर बुलाया था। इसके बाद उन लोगों ने पहले हथौड़े से वार कर उसे अधमरा किया और फिर तलवार व लोहे की रॉड से हमला कर उसकी निर्मम हत्या कर दी।
4 हिरासत में, एक अब भी फरार
बाजार और स्थानीय हलकों से मिल रही जानकारी के अनुसार, पुलिस ने इस सिलसिले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 4 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है, जबकि एक मुख्य आरोपी अब भी कानून की गिरफ्त से बाहर है। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने अभी तक इन गिरफ्तारियों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। थाना घेराव और हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि फरार आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही सभी दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।