Jamshedpur News : चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण हुरिया और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने क्षेत्र की विभिन्न महत्वपूर्ण रेलवे विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान टाटानगर जंक्शन, मकदमपुर और हाता में चल रही एवं प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
टाटानगर जंक्शन पर प्लेटफॉर्म विस्तार और यात्री सुविधाओं के विकास से संबंधित प्रस्तावित कार्यों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों के साथ बैठक कर परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई और यात्रियों को आधुनिक एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

मकदमपुर आरओबी और हाता रेलवे स्टेशन परियोजना पर भी फोकस
निरीक्षण के दौरान विशेष ट्रेन से मकदमपुर क्रॉसिंग पहुंचकर प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण स्थल का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने परियोजना से जुड़ी तकनीकी चुनौतियों और स्थानीय आवश्यकताओं की जानकारी दी, जिस पर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।
इसके बाद हाता के समीप प्रस्तावित नए रेलवे स्टेशन के निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया गया। यहां परियोजना की वर्तमान स्थिति, तकनीकी पहलुओं और विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई।

बेहतर रेल सुविधाओं और क्षेत्रीय विकास पर जोर
निरीक्षण के दौरान कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में भारतीय रेल का तेजी से आधुनिकीकरण किया जा रहा है। जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र में रेलवे से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को जल्द पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलें और क्षेत्र के विकास को नई गति मिल सके।

अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, जिससे क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी और आधारभूत संरचना और मजबूत हो सके।