Jharkhand State Swimming Championship 2026: रांची के होटवार स्थित वीर बुद्ध भगत एक्वेटिक स्टेडियम (मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स) में आगामी 24 से 26 जुलाई 2026 तक 16वीं जूनियर एवं सब-जूनियर झारखंड राज्य तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए बोकारो जिले की टीम का गठन कर लिया गया है। बोकारो डिस्ट्रिक्ट स्विमिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में रविवार को सेक्टर-4 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो के स्विमिंग पूल में आधिकारिक चयन ट्रायल का आयोजन किया गया। सुबह छह बजे से ही विभिन्न स्कूलों और संस्थानों के करीब 100 बाल तैराक इस ट्रायल में शामिल होने पहुंचे, जिन्होंने फ्रीस्टाइल, बैक स्ट्रोक, ब्रेस्ट स्ट्रोक, बटरफ्लाई स्ट्रोक, व्यक्तिगत मेडले, फ्रीस्टाइल रिले और मेडले रिले जैसी कई स्पर्धाओं में अपना हुनर दिखाया।
टीम में 13 बालक और 8 बालिकाओं को मिली जगह
बोकारो डिस्ट्रिक्ट स्विमिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष सह डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने बताया कि सभी स्पर्धाओं में बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर कुल 21 तैराकों का चयन अंतिम टीम के लिए किया गया है। चयनित टीम में 13 बालक और 8 बालिका तैराक शामिल हैं। बालक वर्ग में अंकित बासु, रेहान अहमद, आरव कुमार, ईशान शर्मा, युवराज सिंह, अतुल्य प्रकाश, लवित लुकेश, दर्श प्रसाद, पुन्नान पुरहान, रुद्र सिंह, अवियांक मंडल, अपूर्व सिंह और दर्शिल राज अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे। वहीं, बालिका वर्ग से दिव्यांशी आर्या, मरियम हुसैन, आद्या प्रीशा, अरुणिमा, अंशिका आनंद, चारवी सिंह, ईशान्वी आर्या और ईशानी शुक्ला को टीम में जगह मिली है।
चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. ए. एस. गंगवार ने सभी चयनित खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए ढेरों शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि टीम वहां मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन करेगी। ये सभी 21 तैराक 24 से 26 जुलाई तक रांची में होने वाले मुख्य मुकाबलों में बोकारो का प्रतिनिधित्व करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के मार्गदर्शन और बेहतर प्रदर्शन के लिए टीम के साथ मुख्य प्रशिक्षक (कोच) के रूप में रूपेश कुमार भी मौजूद रहेंगे।