Hazaribagh News: हजारीबाग के मत्स्य विभाग परिसर में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां एक व्यक्ति का खून से लथपथ शव पड़ा मिला. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी.
संस्थान के कर्मी ने सबसे पहले देखा शव
जानकारी के अनुसार, मुक्ति सेवा संस्थान से जुड़े नीरज कुमार सुबह परिसर पहुंचे थे. इसी दौरान उनकी नजर जमीन पर पड़े शव पर पड़ी. उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने शुरू किए.
पहचान में जुटी पुलिस, पोस्टमार्टम से खुलेगा राज
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मृतक कौन था और घटनास्थल तक कैसे पहुंचा. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
हर एंगल से हो रही जांच
शव पर खून के निशान मिलने के कारण पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हत्या, हादसा और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. जांच टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी.
लगातार मिल रहे अज्ञात शव, बढ़ी चिंता
हजारीबाग में हाल के दिनों में अज्ञात शव मिलने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, यह कुछ ही दिनों में चौथा मामला है. इससे पहले टाउन स्टेशन, हीराबाग और चुरचू थाना क्षेत्र से भी अज्ञात शव बरामद किए गए थे. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है.