Giridih News: गिरिडीह के पचंबा थाना क्षेत्र के रानीखावा गांव निवासी 26 वर्षीय उमेश कुमार मंडल की रविवार देर रात सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। वह देवघर से एसएससी परीक्षा देकर बाइक से घर लौट रहा था। हादसा पचंबा-जमुआ मुख्य मार्ग पर परियाना गांव के पास स्कूल के समीप हुआ।
घर से कुछ दूरी पहले ट्रक ने मारी टक्कर
बताया गया कि उमेश घर से कुछ ही दूरी पर था, तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक युवक को कुछ दूर तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने ट्रक किया जब्त, अस्पताल में मृत घोषित
घटना की सूचना मिलते ही पचंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को सदर अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पथला-नावाडीह के पास ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सात महीने पहले हुई थी शादी, परिवार में मातम
परिजनों ने बताया कि उमेश रविवार को देवघर में आयोजित एसएससी परीक्षा देने गया था और परीक्षा समाप्त होने के बाद घर लौट रहा था। उसकी शादी करीब सात माह पहले ही हुई थी। असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मुआवजे और कार्रवाई की मांग पर सड़क जाम
सोमवार सुबह आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने घटनास्थल पर सड़क जाम कर मृतक के परिवार को उचित मुआवजा, फरार चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की। सूचना पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।