Jharkhand News: जामताड़ा समेत हाल के घटनाक्रमों को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव एवं प्रवक्ता ऋषिकेश सिंह ने भाजपा पर कानून की कार्रवाई को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी हर मामले को लोकतंत्र पर हमला बताकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है.
उन्होंने कहा कि यदि किसी जांच या पुलिस कार्रवाई पर किसी को आपत्ति है तो उसके लिए न्यायालय और अन्य संवैधानिक संस्थाएं मौजूद हैं. ऐसे मामलों में कानूनी प्रक्रिया पूरी होने से पहले सरकार और प्रशासन पर आरोप लगाना उचित नहीं है.
"अदालत तय करेगी सच, प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं"
ऋषिकेश सिंह ने कहा कि भाजपा अक्सर फर्जी मुकदमों का आरोप लगाती है, लेकिन कानूनी लड़ाई लड़ने के बजाय मीडिया और प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए माहौल बनाने का प्रयास करती है. उन्होंने कहा कि किसी भी मामले का अंतिम फैसला अदालत करेगी, न कि किसी राजनीतिक दल का प्रचार तंत्र.
जामताड़ा मामले पर दिया बयान
जामताड़ा सदर अस्पताल से जुड़े मामले का उल्लेख करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि सरकार ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है. यदि जांच में चिकित्सकीय लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी घटना के विरोध के नाम पर हिंसा, तोड़फोड़ या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता.
ऋषिकेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस निष्पक्ष जांच और कानून के शासन में विश्वास रखती है. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी व्यक्ति को केवल किसी राजनीतिक दल से जुड़ा होने के आधार पर न तो विशेष संरक्षण मिलना चाहिए और न ही कानून से ऊपर माना जाना चाहिए.