Ranchi News: राजधानी रांची के चर्चित एक्सट्रीम बार डीजे हत्याकांड में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है. रांची की अदालत ने मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह उर्फ विक्की समेत 10 आरोपियों को हत्या का दोषी ठहराया है. अब सभी दोषियों की सजा पर 22 जुलाई को सुनवाई होगी.
अपर न्यायायुक्त शैलेन्द्र कुमार की अदालत ने अभिषेक सिंह उर्फ विक्की, अशोक कुमार सिंह, मोहम्मद शामिरूदीन, प्रतीक, मृत्युंजय कुमार, प्रकाश कुमार, दिवाकर उपाध्याय, आलोक दीवा, पंकज कुमार और सुमित कुमार को दोषी माना है.
बार में गोली मारकर की गई थी हत्या
यह मामला 26 मई 2024 की रात का है. पश्चिम बंगाल निवासी संदीप प्रमाणिक एक्सट्रीम बार में डीजे ऑपरेटर के रूप में काम कर रहे थे. उसी दौरान उन्हें गोली मार दी गई थी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी.
मारपीट के बाद राइफल लेकर लौटा था आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया था कि बार बंद होने के बाद कुछ युवकों और बार कर्मचारियों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी. विवाद के बाद मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह वहां से चला गया, लेकिन कुछ देर बाद राइफल लेकर वापस लौटा और संदीप प्रमाणिक पर फायरिंग कर दी. वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे.
CCTV फुटेज बना सबसे बड़ा सबूत
पूरी घटना बार में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई थी. इसी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया. मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने 10 आरोपियों को दोषी करार दिया है. अब सभी की सजा पर फैसला मंगलवार, 22 जुलाई को सुनाया जाएगा.