West Singhbhum News: पश्चिम सिंहभूम के चक्रधरपुर प्रखंड स्थित सीमीदीरी पंचायत के मध्य विद्यालय बनालता में निर्माणाधीन नए स्कूल भवन को लेकर गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। करीब 56 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस भवन का सोमवार को झामुमो नेता रामलाल मुंडा और जदयू जिलाध्यक्ष विश्राम मुंडा ने ग्रामीणों की शिकायत के बाद निरीक्षण किया। मौके पर निर्माण में इस्तेमाल हो रही सामग्री निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिलने का दावा किया गया।
स्टोन डस्ट और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप
निरीक्षण के दौरान नेताओं ने आरोप लगाया कि भवन निर्माण में तकनीकी नियमों की अनदेखी की जा रही है। उनका कहना है कि ढलाई के कार्य में आवश्यक बालू की जगह बड़े पैमाने पर स्टोन डस्ट का उपयोग किया जा रहा है, जबकि दीवारों में लगाई जा रही ईंटों समेत अन्य निर्माण सामग्री की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं मिली। उनका आरोप है कि इस तरह का निर्माण भविष्य में भवन की मजबूती और सुरक्षा पर असर डाल सकता है।
झामुमो नेता रामलाल मुंडा ने कहा कि स्कूल भवन बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा से जुड़ा संवेदनशील विषय है, इसलिए गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराने, जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने और सरकारी धन के दुरुपयोग पर सख्त कार्रवाई की मांग की।