Bihar News : जिले के वैनी थाना क्षेत्र के कैजिया गांव में सोमवार सुबह स्कूल जा रही एक छात्रा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार बदमाशों ने बीच सड़क छात्रा पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतका की पहचान कैजिया गांव के वार्ड संख्या-14 निवासी उमेश ठाकुर की पुत्री सोनम कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोनम स्कूल की ड्रेस पहनकर घर से निकली थी। घर से कुछ दूरी पर मलंग स्थान के पास बाइक सवार हमलावरों ने उसे घेर लिया और गोली मार दी।
परिजनों ने युवक पर शादी का दबाव बनाने और धमकी देने का लगाया आरोप
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही वैनी थाना पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखे बरामद किए हैं।
परिजनों का आरोप है कि घटना से एक दिन पहले सोनम ने घर में बताया था कि एक युवक उस पर शादी का दबाव बना रहा है। पिता उमेश ठाकुर के अनुसार, युवक ने कथित तौर पर शादी से इनकार करने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है।
सदर एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया जा रहा है। परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।