Giridih News: गिरिडीह जिले के चाइना मोड़ स्थित वेंकटेश्वर प्लांट में सोमवार देर रात हुए दर्दनाक हादसे में प्लांट कर्मी राज किशोर सिन्हा (निवासी- निरसा, धनबाद) की हाईवा की चपेट में आने से मौत हो गई। करीब 20 वर्षों से प्लांट में कार्यरत राज किशोर सिन्हा प्लांट परिसर स्थित कुटिया मंदिर गेस्ट हाउस में रहते थे।
हाईवा को साइड कराने के दौरान हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, रेक से माल खाली कराने के दौरान राज किशोर सिन्हा टॉर्च की रोशनी से हाईवा चालक को वाहन साइड कराने का संकेत दे रहे थे। इसी दौरान हाईवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
“अंधेरे ने ली जान”, प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
मृतक के परिजनों ने प्लांट प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि औद्योगिक परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। परिजनों ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बोरे में शव भेजा, अमानवीय व्यवहार का आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद प्लांट कर्मियों ने शव को बोरे में भरकर गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया, जिसे उन्होंने बेहद अमानवीय और असंवेदनशील व्यवहार बताया। इस घटना को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।
नेताओं ने की मुआवजे और जांच की मांग
घटना की सूचना मिलते ही बार एसोसिएशन के महासचिव एवं भाजपा नेता चुन्नू कांत तथा माले नेता राजेश सिन्हा सदर अस्पताल पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। वहीं, मृतक के भांजे आयुष रंजन ने प्लांट प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। खबर लिखे जाने तक फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।