Bokaro News : चंदनकियारी थाना क्षेत्र के बरमसिया ओपी अंतर्गत लापता 19 वर्षीय सागर कुमार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उसकी निशानदेही पर आगड्डीह गांव के समीप सिद्धाटांड जंगल स्थित एक कुएं से युवक का शव बरामद किया गया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और डंडा भी जब्त कर लिया है।
चास के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) वेदांत शंकर ने बताया कि बरमसिया ओपी कांड संख्या 85/2026 के तहत दर्ज मामले में 18 जुलाई से लापता सागर कुमार की तलाश की जा रही थी। जांच के दौरान मिले तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर भवानीडीह निवासी मानिक मांझी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में कबूला जुर्म, पत्नी पर टिप्पणी बनी हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि सागर कुमार द्वारा उसकी पत्नी को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से वह नाराज था। इसी रंजिश में उसने सागर की हत्या कर शव को सिद्धाटांड जंगल के एक कुएं में फेंक दिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और डंडा भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।