Badaun Domestic Dispute: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में पति-पत्नी के बीच सब्जी बनाने के तरीके को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मामला डायल-112 तक पहुंच गया. पति ने आधी रात पुलिस को फोन कर पत्नी की शिकायत की और उसे समझाने की मांग की. मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर विवाद खत्म कराया.
सब्जी की पसंद बनी झगड़े की वजह
वजीरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले दंपती के बीच खाने को लेकर बहस हो गई. पति का कहना था कि उसे सूखी सब्जी पसंद है, लेकिन उसकी पत्नी हमेशा रसेदार सब्जी बनाती है. इसी बात पर नाराज होकर उसने रात में डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को घर बुला लिया.
मौके पर पहुंची पुलिस ने पति, पत्नी और परिवार के अन्य लोगों से अलग-अलग बात की. काफी देर तक समझाने के बाद दोनों पक्ष शांत हुए और मामला वहीं सुलझ गया.
पत्नी ने पति पर लगाए आरोप
बातचीत के दौरान पत्नी ने आरोप लगाया कि उसका पति अक्सर शराब पीकर घर लौटता है. उसने यह भी दावा किया कि छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करता है और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता है. हालांकि, दोनों में से किसी ने भी पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी. इसी वजह से पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला खत्म कर दिया और किसी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं की गई.
पुलिस की नसीहत, वीडियो भी हुआ वायरल
पुलिस ने युवक को समझाया कि घरेलू जीवन में होने वाले छोटे-मोटे विवादों के लिए आपातकालीन सेवा डायल-112 का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. ऐसी सेवा गंभीर और आपात स्थितियों के लिए होती है.