Seraikela: उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित किया गया। जिले के विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं और शिकायतों से संबंधित आवेदन उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए। जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने सभी आवेदनों की सुनवाई कर संबंधित मामलों की समीक्षा की। जिन शिकायतों का तत्काल समाधान संभव था, उनका मौके पर ही निस्तारण किया गया। अन्य मामलों को संबंधित विभागों को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इन मुद्दों से जुड़ी शिकायतें आईं सामने
जनता दरबार में भूमि विवाद, भूमि सीमांकन, आंगनबाड़ी सेविका चयन में कथित अनियमितता, मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का लाभ नहीं मिलने, श्रवण बाधित छात्र के नामांकन सहित कई मामलों से संबंधित शिकायतें दर्ज कराई गईं। इसके अलावा कपाली क्षेत्र में भूमि विवाद से जुड़े मामले में वाद वापस लेने के लिए धमकी देने की शिकायत और आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड-24 इच्छापुर में सेविका चयन प्रक्रिया को लेकर भी आवेदन प्रस्तुत किया गया। जनता दरबार के दौरान चलने-फिरने में असमर्थ एक वृद्ध व्यक्ति को देखकर उपायुक्त स्वयं प्रतीक्षालय पहुंचे और उनकी समस्या सुनी। वृद्ध ने बताया कि उनके एक पुत्र ने उनकी संपत्ति पर जबरन कब्जा कर लिया है तथा उनका भरण-पोषण भी नहीं कर रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने और वृद्ध को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
समयबद्ध और पारदर्शी कार्रवाई के निर्देश
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने अधिकारियों से कहा कि सभी शिकायतों का निष्पक्ष तरीके से परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शिकायतों के समाधान में संवेदनशीलता और पारदर्शिता बनाए रखने पर भी जोर दिया। गौरतलब है कि जिला प्रशासन की ओर से प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को समाहरणालय में जिला स्तरीय जनता दरबार का आयोजन किया जाता है, जहां नागरिक अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं।