Jharkhand News: भारतीय जनता पार्टी के प्रस्तावित JPSC घेराव को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा के आंदोलन को राजनीतिक पाखंड बताते हुए कहा कि युवाओं के मुद्दों पर भाजपा सिर्फ राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है.
"पेपर लीक रोकने में विफल रही भाजपा"
राकेश सिन्हा ने कहा कि केंद्र में लंबे समय से सत्ता में रहने के बावजूद भाजपा राष्ट्रीय स्तर पर पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने में असफल रही है. उनका आरोप है कि ऐसे हालात में भाजपा के पास झारखंड के युवाओं के नाम पर आंदोलन करने का कोई नैतिक आधार नहीं बचता.
NEET और UGC-NET का किया जिक्र
कांग्रेस नेता ने कहा कि NEET और UGC-NET जैसी राष्ट्रीय प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं ने करोड़ों अभ्यर्थियों के भविष्य को प्रभावित किया. उन्होंने आरोप लगाया कि जब छात्र अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे तो उनकी आवाज सुनने के बजाय उन पर पुलिस कार्रवाई की गई. अब वही भाजपा छात्रों के प्रति सहानुभूति दिखाने का प्रयास कर रही है.
"युवाओं के हितैषी होने का दिखावा कर रही भाजपा"
राकेश सिन्हा ने कहा कि झारखंड की गठबंधन सरकार पारदर्शी और समयबद्ध नियुक्ति प्रक्रिया के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि वह पहले केंद्र सरकार में वर्षों से खाली पड़े लाखों पदों पर भर्ती को लेकर जवाब दे.
उन्होंने दावा किया कि झारखंड के युवा भाजपा की राजनीति को समझ चुके हैं. कांग्रेस निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई आगे भी जारी रखेगी.