Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-22

Adityapur Crime News: आदित्यपुर में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग, भाटिया बस्ती में महिला से सोने की चेन झपटकर फरार हुए बदमाश

Adityapur: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह चेन छिनतई की एक वारदात सामने आई है। भाटिया बस्ती स्थित नायक होटल के समीप सुबह करीब 7:09 बजे बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने महिला बबिता देवी के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

कुछ ही सेकंड में वारदात को दिया अंजाम
जानकारी के अनुसार, घटना के समय सड़क पर लोगों की आवाजाही शुरू हो चुकी थी। दफ्तर और स्कूल जाने वाले लोग अपने-अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक पर पहुंचे दो बदमाश महिला के पास रुके, गले से सोने की चेन झपटी और कुछ ही सेकंड में भीड़भाड़ वाले इलाके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि कोई कुछ कर नहीं पाया। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।



बढ़ते अपराध से स्थानीय लोगों में डर
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले 15 से 20 दिनों में आदित्यपुर क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। क्षेत्र में चापड़बाजी, हत्या, मोबाइल और पर्स लूट जैसी घटनाओं के साथ-साथ चेन स्नैचिंग की वारदातों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। सुबह टहलने निकलने वाले बुजुर्ग, महिलाएं और बाजार जाने वाले लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।



भाटिया बस्ती निवासी राजेश महतो ने कहा, "सुबह 7 बजे लोग अपने काम पर निकलते हैं। यदि इस समय भी ऐसी घटनाएं हो रही हैं तो आम लोग खुद को सुरक्षित कैसे महसूस करेंगे? इलाके में पुलिस गश्त नजर नहीं आती।" वहीं एक अन्य स्थानीय निवासी ने कहा, "अपराधियों में पुलिस का डर नहीं दिखता। कई संवेदनशील इलाकों में न पर्याप्त CCTV कैमरे हैं और न ही नियमित पुलिस पेट्रोलिंग।"

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता का बयान दर्ज किया। पुलिस आसपास के दुकानों और मकानों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। थाना प्रभारी के अनुसार, बाइक और आरोपियों की पहचान के लिए विशेष टीम गठित की गई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

लोगों ने उठाई सुरक्षा बढ़ाने की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आदित्यपुर के संवेदनशील इलाकों में सुबह और शाम के समय नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, प्रमुख चौक-चौराहों पर CCTV कैमरे लगाने और रात्रि पेट्रोलिंग को और प्रभावी बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं पर जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आम लोगों में असुरक्षा की भावना और बढ़ेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !