Ramgarh News : झारखंड के रामगढ़ व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। यह धमकी जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के आधिकारिक ईमेल पर बंगला भाषा में भेजी गई, जिसके बाद पूरे न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
ईमेल मिलते ही शुरू हुआ सघन तलाशी अभियान
धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और पुलिस की विशेष टीम ने कोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। सुरक्षा के मद्देनजर न्यायालय आने वाले सभी लोगों की गहन जांच की जा रही है और परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
साइबर टीम कर रही ईमेल की जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी भरे ईमेल की जांच साइबर विशेषज्ञों की मदद से की जा रही है। ईमेल किस स्थान से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग हैं, इसका पता लगाने के लिए तकनीकी जांच तेज कर दी गई है। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच जारी है।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। साथ ही कहा है कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। एहतियात के तौर पर न्यायालय परिसर समेत जिले के संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी गई है।