Garhwa News : गढ़वा जिले के रंका प्रखंड में संचालित क्रशर प्लांट और खनन गतिविधियों के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया है। पिंडरा गांव के ग्रामीणों ने भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी को गांव बुलाकर अपनी समस्याएं बताईं और न्याय की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि क्रशर प्लांट के संचालन से खेती, पर्यावरण और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
धूल, ब्लास्टिंग और बांध से खेती प्रभावित होने का आरोप
ग्रामीणों के अनुसार, गासेदाग गांव में संचालित तारा कंस्ट्रक्शन के क्रशर प्लांट से निकलने वाली धूल और लगातार होने वाली ब्लास्टिंग के कारण गांव में रहना मुश्किल हो गया है। उनका कहना है कि क्रशर संचालक ने सिंचित भूमि के ऊपर बांध बना दिया है, जिससे करीब एक दर्जन किसानों की लगभग 50 एकड़ कृषि भूमि में पानी भर गया है और खेती प्रभावित हो रही है।
ग्रामीण राहुल दयाल, रामेश्वर सिंह, सुरेंद्र राम, संजय राम और अन्य लोगों ने बताया कि समस्या का समाधान मांगने पर उन्हें धमकियां दी जा रही हैं। राहुल दयाल और दशरथ राम ने 20 जुलाई को रंका थाना में जान से मारने और घर से उठाने की धमकी दिए जाने की लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है।
ग्रामीणों से मिले विधायक, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों की शिकायत सुनने के बाद विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि किसी भी कीमत पर ग्रामीणों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे पर उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक से बात करेंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर विधानसभा में भी मामला उठाएंगे।
विधायक ने कहा कि जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि रंका और रमकंडा प्रखंड में कई स्थानों पर नियमों की अनदेखी कर क्रशर प्लांट संचालित किए जा रहे हैं, जिसका खामियाजा स्थानीय ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है।
अवैध संचालन और धमकी का लगाया आरोप
सत्येंद्रनाथ तिवारी ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कुछ क्रशर संचालक अवैध तरीके से काम कर रहे हैं और ग्रामीणों पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही जिला प्रशासन को निष्पक्ष होकर कार्य करने की सलाह देते हुए कहा कि अधिकारियों को कानून के दायरे में रहकर जनता के हित में निर्णय लेने चाहिए।