Jamshedpur News: जमशेदपुर के मानगो स्थित केनरा बैंक की कबीर मेमोरियल शाखा से गोल्ड लोन के लिए गिरवी रखा गया करीब 1.10 करोड़ रुपये मूल्य का सोना कथित तौर पर गायब होने का मामला सामने आया है. बैंक प्रबंधन की शिकायत के बाद आजादनगर थाना में एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस के साथ-साथ बैंक भी पूरे घटनाक्रम की अलग-अलग स्तर पर जांच कर रहा है.
ऑडिट में खुली गड़बड़ी की परत
बैंक की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, नियमित ऑडिट के दौरान गोल्ड लोन से जुड़े रिकॉर्ड का लॉकर में रखे पैकेटों से मिलान किया गया. इसी प्रक्रिया में कई पैकेट नहीं मिले, जिसके बाद बैंक ने आंतरिक जांच शुरू की. प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह गड़बड़ी 12 जून से 18 जून के बीच होने की आशंका जताई गई है.
शिकायत में कई अधिकारियों के नाम शामिल
केनरा बैंक के रीजनल मैनेजर मंगेश रामानाथन ने आजादनगर थाना में दर्ज कराई शिकायत में तत्कालीन सीनियर मैनेजर और प्रथम लॉकर इंचार्ज मोहम्मद शाबीर, गोल्ड लोन ऑफिसर इमरान खान, द्वितीय चाबी अधिकारी सूरज टुडू, अधिकारी रिया घोष, शाखा प्रभारी अनुज टोप्पो और दो अज्ञात लोगों पर आरोप लगाया है. बैंक का कहना है कि शिकायत में जिन अधिकारियों के नाम हैं, वे फिलहाल इस शाखा में तैनात नहीं हैं.
हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि लॉकर से सोना किन परिस्थितियों में गायब हुआ और इसमें किसकी क्या भूमिका रही. दूसरी ओर बैंक प्रबंधन भी दस्तावेजों और रिकॉर्ड की गहन पड़ताल कर रहा है. फिलहाल यह मामला बैंक की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर पर आधारित है और आरोपों की पुष्टि अभी नहीं हुई है. समाचार लिखे जाने तक संबंधित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. मामले की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने और आगे की कानूनी प्रक्रिया के बाद ही साफ हो सकेगी.