Kishtwar Terror Network: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में आतंकवाद के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत सुरक्षा एजेंसियों ने एक स्थानीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पर पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े सैफुल्लाह मॉड्यूल को रसद और अन्य प्रकार की सहायता पहुंचाने का आरोप है। इस कार्रवाई को आतंकी नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
छात्रू से गिरफ्तार आरोपी पर आतंकियों का स्थानीय संपर्क और मददगार होने का आरोप
किश्तवाड़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नरेश सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद रफीक नाइक के रूप में हुई है, जिसे छात्रू इलाके से हिरासत में लिया गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह लंबे समय से आतंकियों के लिए स्थानीय स्तर पर संपर्क और सहयोग की भूमिका निभा रहा था। फिलहाल उससे पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
अब आतंकियों के स्थानीय मददगारों पर सुरक्षा एजेंसियों का फोकस
पुलिस के अनुसार, जैश-ए-मोहम्मद के सैफुल्लाह ग्रुप के सभी सात आतंकी अलग-अलग अभियानों में मारे जा चुके हैं। इनमें पिछले वर्ष चार आतंकी ढेर किए गए थे, जबकि फरवरी में हुई कार्रवाई में स्वयंभू कमांडर सैफुल्लाह समेत तीन अन्य आतंकियों का भी अंत कर दिया गया था। इसके बावजूद सुरक्षा एजेंसियां उनके स्थानीय सहयोगियों की पहचान में जुटी हुई हैं।
इस मामले में इससे पहले भी छात्रू क्षेत्र के दो लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिन पर आतंकियों की मदद करने के आरोप हैं। अब मोहम्मद रफीक नाइक की गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा और बढ़ा दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आतंकी सहायता तंत्र से जुड़े हर व्यक्ति की भूमिका की जांच की जा रही है और पूरे नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।