Abhay Kumar Tiwari Arrested: 14वीं JPSC परीक्षा में सामने आई कथित अनियमितताओं की जांच के बीच CID ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सरकारी अधिकारी को गिरफ्तार किया है. जांच एजेंसी ने गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट प्रखंड में पदस्थापित आपूर्ति पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी उर्फ मनोज कुमार तिवारी को हिरासत में लिया है. गिरफ्तारी के बाद उनसे परीक्षा गड़बड़ी से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है.
सरकारी सेवा से पहले निजी कंपनी में थे मैनेजर
जांच में सामने आया है कि सरकारी सेवा में आने से पहले अभय तिवारी TDPL नामक कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे. उन पर PGT, JSSC-CGL, ACF PT, MRO PT और FSO जैसी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने के साथ-साथ परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं से जुड़े आरोपों की भी जांच चल रही है.
देर रात छापेमारी, नकदी भी मिली
सूत्रों के मुताबिक, CID की टीम ने मंगलवार देर रात उनके किराए के आवास पर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान करीब 5 लाख रुपये नकद भी बरामद होने की सूचना है. हालांकि, इस संबंध में जांच एजेंसी की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.
परीक्षा सिंडिकेट के सुराग तलाश रही CID
CID अब अभय तिवारी से गहन पूछताछ कर रही है. जांच एजेंसी को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी से जुड़े नेटवर्क और अन्य संदिग्धों के बारे में अहम जानकारियां मिल सकती हैं. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है.