Jamshedpur News: रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत टाटानगर रेलवे स्टेशन पर बड़ी सफलता मिली है। आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने एक मोबाइल चोर को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी का मोबाइल फोन बरामद किया। यह कार्रवाई स्टेशन परिसर में चलाए जा रहे विशेष सुरक्षा अभियान के दौरान की गई।
संयुक्त अभियान में मोबाइल चोर गिरफ्तार
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ चक्रधरपुर और रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के निर्देश पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान गश्त कर रही टीम ने एक संदिग्ध युवक को पकड़ा, जिसकी पहचान रितिक कुमार उर्फ गोलू (24), निवासी आजाद बस्ती, जेम्को, जमशेदपुर के रूप में हुई।
आरोपी के पास से चोरी का मोबाइल बरामद
पूछताछ और जांच में आरोपी के पास से चोरी का मोबाइल फोन बरामद हुआ। उसने स्वीकार किया कि देर रात टाटानगर रेलवे स्टेशन पर एक यात्री का मोबाइल चोरी किया था। बरामद मोबाइल की पुष्टि होने के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर के हवाले कर दिया गया।
“ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” रहेगा जारी, यात्रियों से सतर्क रहने की अपील
पूरी कार्रवाई पोस्ट कमांडर, आरपीएफ टाटानगर और जीआरपी थाना प्रभारी की निगरानी में एएसआई बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में की गई। रेलवे सुरक्षा एजेंसियों ने कहा कि स्टेशन और ट्रेनों में चोरी व अन्य आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” आगे भी जारी रहेगा। साथ ही यात्रियों से यात्रा के दौरान अपने सामान और मोबाइल की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत आरपीएफ या जीआरपी को देने की अपील की गई।