Jamshedpur News: बागबेड़ा थाना क्षेत्र के डीबी रोड पर गुरुवार सुबह करीब 7 बजे तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने सड़क पर कहर बरपा दिया. जानकारी के अनुसार, कार (JH 05 EF 9444) ने सबसे पहले TVS XL (JH 05 BU 8686) को जोरदार टक्कर मार दी. टीवीएस एक्सएल सवार व्यक्ति अपने बच्चों को स्कूल छोड़कर घर लौट रहा था. टक्कर के बाद कार बेकाबू हो गई और तीन अन्य लोगों को भी अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
सभी घायलों का TMH में इलाज, चालक मौके से फरार
हादसे के बाद मौके पर अफरा - तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के तुरंत बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. लोगों का आरोप है कि चालक नशे की हालत में था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
पुलिस जांच में जुटी, चालक की तलाश तेज
घटना की सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे के कारणों और चालक की पहचान की जा सके. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.