Parliament Monsoon Session : संसद के मानसून सत्र के दौरान गुरुवार को लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में NEET परीक्षा मुद्दे पर विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। विपक्षी सांसदों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए सदन की कार्यवाही बाधित कर दी।
लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित
लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसद वेल में पहुंचकर नारेबाजी करने लगे। हंगामे के बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि प्रश्नकाल के दौरान केवल प्रश्नकाल ही चलेगा। उन्होंने विपक्ष से आग्रह किया कि प्रश्नकाल के बाद चर्चा के नियमों पर सहमति बनाकर बातचीत की जाए। हालांकि विपक्ष ने उनकी अपील नहीं मानी, जिसके बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
राज्यसभा में भी विपक्ष का विरोध जारी, खड़गे बोले- पहले इस्तीफा, फिर चर्चा
राज्यसभा में भी विपक्षी सदस्यों ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर हंगामा किया। इस दौरान संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष से सदन की कार्यवाही चलने देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार नियमों के तहत NEET मुद्दे पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है और इस विषय पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
किरेन रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही इस मामले में कड़ी कार्रवाई और फास्ट-ट्रैक न्यायिक प्रक्रिया की बात कह चुके हैं। उन्होंने विपक्ष से बिना किसी शर्त के चर्चा में शामिल होने की अपील की। हालांकि विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने स्पष्ट कहा कि चर्चा शुरू होने से पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए।