Chandil: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल स्थित कुकडू प्रखंड के कुदा गांव में गुरुवार तड़के एक जंगली हाथी के प्रवेश से अफरा-तफरी मच गई। हाथी ने गांव में कई स्थानों पर नुकसान पहुंचाया और एक किसान के घर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है। ग्रामीणों के मुताबिक सुबह करीब साढ़े तीन से चार बजे के बीच जंगली हाथी गांव में पहुंच गया। सबसे पहले उसने एक कटहल के पेड़ को तोड़कर उसके फल खाए। इसके बाद हाथी सीधे किसान निखिल महतो के घर की ओर बढ़ा और मकान पर हमला कर तोड़फोड़ शुरू कर दी।
लगातार बढ़ रही हाथियों की आवाजाही
हाथी के हमले के दौरान घर में मौजूद परिवार के सदस्य किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे। समय रहते सभी सुरक्षित निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि हाथी की वजह से मकान को काफी नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से इस इलाके में जंगली हाथियों का मूवमेंट लगातार बढ़ गया है। रात के समय हाथियों के गांव में पहुंचने की घटनाओं से लोग भयभीत हैं। किसानों को अपनी फसलों, मकानों और परिवार की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बनी हुई है।
वन विभाग से कार्रवाई और मुआवजे की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्र में नियमित निगरानी बढ़ाने, हाथियों को आबादी वाले इलाकों में आने से रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने और प्रभावित किसान निखिल महतो को सरकारी प्रावधान के तहत जल्द मुआवजा देने की मांग की है। लोगों ने वन विभाग से संवेदनशील गांवों में गश्त बढ़ाने और हाथियों से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान चलाने की भी अपील की है।