Jharkhand Weather: मानसून सक्रिय होने के बावजूद झारखंड में अब तक सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई है. 1 जून से 23 जुलाई के बीच राज्य में औसतन 426 मिलीमीटर वर्षा होनी चाहिए थी, लेकिन इस अवधि में केवल 311.7 मिलीमीटर बारिश हुई. यानी अब तक राज्य में सामान्य से करीब 27 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है. हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले पांच दिनों में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी और कई जिलों में अच्छी वर्षा होने की संभावना है.
सबसे अधिक बारिश की कमी गढ़वा और चतरा में दर्ज की गई है. गढ़वा में सामान्य के मुकाबले 65 प्रतिशत और चतरा में 64 प्रतिशत कम बारिश हुई है. इन दोनों जिलों में अब तक सामान्य वर्षा का लगभग एक-तिहाई ही रिकॉर्ड किया गया है, जिससे खेती-किसानी पर भी असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है.
इसके अलावा देवघर में 54 प्रतिशत, कोडरमा में 51 प्रतिशत, पाकुड़ में 58 प्रतिशत, गोड्डा में 47 प्रतिशत, गिरिडीह में 42 प्रतिशत और बोकारो में 32 प्रतिशत कम बारिश हुई है. राजधानी रांची में भी बारिश सामान्य से पीछे है. यहां 439.1 मिलीमीटर के मुकाबले अब तक 383.6 मिलीमीटर वर्षा हुई है, जो करीब 13 प्रतिशत कम है. धनबाद और दुमका में 16-16 प्रतिशत, सिमडेगा में 11 प्रतिशत तथा साहिबगंज में 4 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है. वहीं सरायकेला-खरसावां राज्य का एकमात्र जिला रहा, जहां सामान्य से 1 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई. पश्चिमी सिंहभूम में भी अच्छी बारिश हुई है और यहां 411 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई.
हालांकि अब मौसम का मिजाज बदल चुका है. मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय है और झारखंड के ऊपर बने मौसमी सिस्टम के कारण पिछले 24 घंटों में लगभग पूरे राज्य में हल्की से मध्यम बारिश हुई. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले पांच दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. खासकर लातेहार और आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है.
मौसम केंद्र के अनुसार, मानसून की मुख्य ट्रफ फिलहाल राजस्थान से होते हुए झारखंड और बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है. इसके साथ ही राज्य के ऊपर एक पूर्व-पश्चिम शियर जोन भी सक्रिय है. इन दोनों मौसमी प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से झारखंड में लगातार बादल बन रहे हैं और वर्षा की गतिविधियां तेज बनी हुई हैं.
बीते 24 घंटों में सबसे अधिक बारिश पूर्वी सिंहभूम के गुराबंदा में दर्ज की गई, जहां 57.4 मिलीमीटर वर्षा हुई. वहीं राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दुमका में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रहा.
मौसम विभाग के अनुसार 24 और 25 जुलाई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी. इस दौरान लातेहार समेत मध्य और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना है. 26 और 27 जुलाई को भी अधिकांश जिलों में बारिश और मेघगर्जन का दौर जारी रहेगा. वहीं 28 और 29 जुलाई को भी बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
बारिश के साथ मौसम विभाग ने 24 से 27 जुलाई के बीच राज्य के कई हिस्सों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है. इस दौरान मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास नहीं रुकने की सलाह दी है.
राजधानी रांची में भी अगले पांच दिनों तक मौसम सुहाना रहने का अनुमान है. 24 और 25 जुलाई को दिन में कई बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके बाद 29 जुलाई तक रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. इस दौरान अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.